नीमच। मेजर ध्यानचंद जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, नीमच, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ग्राम जीरन में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में युवाओं एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक खेल खो-खो प्रतियोगिता के साथ एकल वर्ग में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में सहभागिता की।
कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन में प्रकाश राठौड़ एवं दीपक कुमावत, समन्वयक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं नियमित रूप से खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीम एवं खिलाड़ियों को मेरा युवा भारत, नीमच की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुकेश जैन, व्यायाम शिक्षक, सांदीपनि विद्यालय जीरन, वरिष्ठ खिलाड़ी दीपक पाटीदार एवं आशुतोष पाटीदार, विद्या निकेतन स्कूल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना रहा।