पिपलियामंडी। नगर में आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। पिपलियामंडी चौपाटी मार्ग पर अजय टॉकीज के समीप शनिवार को दो सांड बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए। सांडों की लड़ाई के कारण सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों सांड काफी देर तक सड़क पर ही एक-दूसरे से भिड़ते रहे। इस दौरान मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक और राहगीर बचते हुए नजर आए। यदि लड़ाई के दौरान कोई व्यक्ति या वाहन सांडों की चपेट में आ जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
स्थानीय रहवासियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों सांडों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे स्थानीय लोगों ने उपलब्ध कराया है।
आवारा पशुओं से लगातार बनी रहती है दुर्घटना की आशंका-
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के मुख्य मार्गों पर आवारा गौवंश और सांडों की आवाजाही आम हो गई है। कई बार सड़क के बीचोंबीच पशुओं के बैठने और आपस में लड़ने से यातायात प्रभावित होता है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। घटना पिपलियामंडी चौपाटी मार्ग स्थित अजय टॉकीज के समीप की बताई जा रही है।