नीमच। गऊ सेवा दल की टीम ने शनिवार रात अलग-अलग घटनाओं में तत्परता दिखाते हुए मानव एवं पशु सेवा की मिसाल पेश की। टीम ने सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही बीमार गाय और घायल नीलगाय का भी रेस्क्यू कर उपचार की व्यवस्था कराई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8.30 बजे स्टेशन रोड पर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। एंबुलेंस का इंतजार किए बिना गऊ सेवा दल के सदस्यों ने घायल को बाइक से सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
इसके बाद रात करीब 10 बजे चौकन्ना बालाजी चौराहे पर एक बीमार गाय के पड़े होने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर गौ एंबुलेंस की मदद से गाय का रेस्क्यू किया और उसे उपचार के लिए पहुंचाया।
वहीं रात करीब 12 बजे मनासा रोड स्थित गोपी की ठाणी के समीप सड़क दुर्घटना में घायल नीलगाय की सूचना टीम को मिली। सूचना मिलते ही गौ सेवक रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंचे। नीलगाय के पिछले पैर की हड्डी टूटी हुई थी और घायल अवस्था में कुत्ते उसे अपना शिकार बनाने का प्रयास कर रहे थे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए नीलगाय का रेस्क्यू किया और उसे उपचारशाला पहुंचाया।
वन विभाग की हेल्पलाइन शुरू करने की मांग-
गौ सेवकों ने बताया कि घायल नीलगाय के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिलने के कारण संपर्क नहीं हो सका। टीम ने वन्यजीवों की सुरक्षा एवं आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय आपातकालीन टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करने की मांग की है।
सेवा कार्य में मितेश अहीर, पार्थ जोशी, चिन्मय प्रजापति, अमन चौरसिया, गज्जू नागदा, मयंक कटारिया सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।