प्रतापगढ़। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर सामान्य वर्ग (सकल सवर्ण समाज) की एक महत्वपूर्ण बैठक दीपेश्वर महादेव परिसर स्थित गीता भवन में आयोजित हुई। बैठक में नगर निकाय चुनावों में सामान्य वर्ग को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिए जाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य एवं जैन समाज सहित सकल सवर्ण समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान समाज की एकजुटता और आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि प्रतापगढ़ नगर निकाय क्षेत्र में सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित 24 वार्ड होने के बावजूद राजनीतिक दलों द्वारा अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने को लेकर समाज में नाराजगी है। बैठक में इस विषय पर विस्तार से मंथन किया गया और आगे की रणनीति तय करने पर चर्चा हुई।
समस्त सकल सवर्ण (सामान्य वर्ग) प्रतापगढ़ की ओर से जितेंद्र कुमार भट्ट ने बताया कि जिले की सभी नगर पालिकाओं एवं नगर परिषद क्षेत्रों में सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित वार्डों से सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों को राजनीतिक दलों द्वारा अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि सामान्य वर्ग के प्रतिनिधित्व की मांग की अनदेखी की गई तो समाज की ओर से लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। बैठक में सामान्य वर्ग के निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देने के विकल्प पर भी विचार किया गया।
बैठक में डी.डी. राणावत, राजदीप सिंह पुरावत, सुरेश जैन (सेवानिवृत्त), हिम्मत जैन, प्रकाश शाह, चंद्रशेखर मेहता, विकास शर्मा, रवि शर्मा, नाहर सिंह, शुभम चंडालिया, मनीष जैन, सुनील जैन, सीए बी.एल. शर्मा, एडवोकेट संजय शर्मा, लक्ष्य शुक्ला एवं संजय जी सहित अन्य समाजजनों ने विचार रखे।
बैठक में उपस्थित समाजजनों ने नगर निकाय चुनावों में सामान्य वर्ग की राजनीतिक भागीदारी एवं प्रतिनिधित्व को लेकर एकजुट होकर आगामी रणनीति के तहत कार्य करने का निर्णय लिया।
जानकारी जितेंद्र कुमार भट्ट, समस्त सकल सवर्ण (सामान्य वर्ग), प्रतापगढ़