देवरी खवासा। ग्रामवासियों के सहयोग से स्थानीय चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में करीब 9 वर्ष बाद सप्ताजी का आयोजन किया जा रहा है। सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ सोमवार, 31 अगस्त को विधि-विधान के साथ किया गया।
मुहूर्त के अनुसार सुबह करीब 9 बजे ग्राम पटेल एवं पंच पंडित मोहनलाल नागदा के निवास पर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पोती का पूजन किया गया। इसके बाद पूजित पोती को ढोल-ढमाकों के साथ चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में लाया गया, जहां धार्मिक विधि-विधान के साथ उसे विराजमान किया गया।
आयोजन के तहत 31 अगस्त से 7 सितंबर तक सात दिनों तक अखंड भजन-कीर्तन किए जाएंगे। इस दौरान ग्रामवासी भगवान चारभुजा नाथ के भजनों का गुणगान कर धर्मलाभ लेंगे।
7 सितंबर को होगी पूर्णाहुति-
सप्ताजी आयोजन के समापन अवसर पर 7 सितंबर को हवन-पूजन के साथ पूर्णाहुति की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन होगा।
ग्रामवासियों ने बताया कि क्षेत्र में अच्छी बारिश, गांव में खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की मंगलकामना को लेकर यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। करीब 9 वर्ष बाद आयोजित हो रहे सप्ताजी को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में ग्रामवासी आयोजन में सहभागिता कर रहे हैं।