कुकड़ेश्वर। रामपुरा से कुकड़ेश्वर कन्या शाला में मजदूरी के लिए आ रहे तीन लोगों की बाइक को सोमवार को हनुमंतिया रोड पर पीछे से आए डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, तीनों बाइक से रामपुरा की ओर से कुकड़ेश्वर आ रहे थे। इसी दौरान हनुमंतिया रोड पर पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कैलाश पिता केशुराम की मौत हो गई। वहीं शिवलाल पिता मदनलाल धनगर निवासी इनायतपुरा तथा हरीश पिता बंशीलाल रेगर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पायलट संजू कुमार मारू एवं प्रधान आरक्षक 442 लक्ष्मण सिंह सिसोदिया ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को तत्काल मनासा अस्पताल पहुंचाया। यहां कैलाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया, जबकि दोनों घायलों का उपचार शुरू किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।