मंदसौर। मंदसौर-सीतामऊ रोड पर अरनिया निजामुद्दीन के पास सोमली नदी की पुलिया के समीप सोमवार सुबह सरसों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। उसके हाथ में फ्रैक्चर बताया गया है। गनीमत रही कि ट्रक नदी में गिरने से कुछ फीट पहले ही पलट गया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक क्रमांक आरजे 09 जीएफ 2390 सरसों से भरा था और चोमेला से नीमच की ओर जा रहा था। अरनिया निजामुद्दीन के पास सोमली नदी की पुलिया के समीप अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरे सरसों के कट्टे सड़क पर बिखर गए।
नदी में गिरने से बाल-बाल बचा ट्रक-
हादसा सोमली नदी की पुलिया के बेहद नजदीक हुआ। ट्रक नदी से महज कुछ फीट की दूरी पर पलटा। यदि ट्रक कुछ दूरी और आगे चला जाता तो नदी में गिरने की आशंका थी।
चालक के हाथ में फ्रैक्चर-
हादसे में ट्रक चालक हुकुमचंद पिता खेमराज (30), निवासी कोटा घायल हो गए। उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। सूचना मिलते ही नई आबादी थाना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। हादसे में अन्य किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि ट्रक पलटने के बाद सड़क पर बिखरे सरसों के कट्टों को दूसरे वाहन में शिफ्ट करवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।