पिपलियामंडी। नगर की प्रमुख एवं व्यस्त चौपाटी पर महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय और यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। वर्षों से चली आ रही इस समस्या को लेकर अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
चौपाटी पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद यहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार मांग उठाई गई और सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
आंदोलन की चेतावनी-
मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सामाजिक संगठनों ने आंदोलन और आमरण अनशन की चेतावनी दी है। वहीं कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाते हुए जिम्मेदारों से शीघ्र समाधान की मांग की है।
जनता को आश्वासन नहीं, सुविधा चाहिए-
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास केवल बड़े निर्माण कार्यों और घोषणाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। आमजन को शौचालय, प्रतीक्षालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता में होना चाहिए।
अब लोगों को आश्वासन के बजाय महिला शौचालय और यात्री प्रतीक्षालय की शीघ्र एवं स्थायी व्यवस्था का इंतजार है। ऐसे में सवाल है कि इस समस्या का समाधान कब होगा और इसकी जिम्मेदारी कौन तय करेगा?