शुजालपुर। शाजापुर जिले के शुजालपुर-आष्टा मार्ग पर सोमवार को तिलावत पुलिस चौकी क्षेत्र के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक का पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमर सिंह मालवीय, जो शासकीय शिक्षक बताए जा रहे हैं, अपने पिता जगन्नाथ घासीराम मालवीय और पोते के साथ बाइक से इलाज के लिए शुजालपुर जा रहे थे। इसी दौरान तिलावत के समीप सामने से आ रही पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर सिंह मालवीय और उनके पिता जगन्नाथ मालवीय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमर सिंह का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल शुजालपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के पिता-पुत्र की सड़क हादसे में मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा पिकअप वाहन और चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।