ऊन/सेगांव। दशोरा नागर समाज के नव चेतना मंडल एवं हाटकेश्वर सेवा समिति ऊन के संयुक्त तत्वावधान में श्रावण मास के पावन अवसर पर ऐतिहासिक नगरी ऊन स्थित समाज के आराध्य देव भगवान हाटकेश्वर महादेव मंदिर में माहभर निःशुल्क पूजन-अभिषेक का आयोजन किया गया।
पूरे श्रावण मास चले इस धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों और प्रदेशभर से समाजजन अलग-अलग दिनों में ऊन पहुंचे तथा भगवान हाटकेश्वर महादेव का पूजन-अभिषेक कर धर्मलाभ लिया।
सोमवार को आयोजन का समापन विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर अभिषेक-पूजन, हवन-पूर्णाहुति एवं महाआरती आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
अतिथियों ने किया पूजन-
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र मंडलोई, नव चेतना मंडल के संरक्षक एवं प्रदेश सचिव दीपक दशोरे तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं पत्रकार जय गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने ऊन मंडल एवं महिला मंडल के साथ भगवान हाटकेश्वर महादेव का पूजन-अभिषेक कर कार्यक्रम में सहभागिता की।
आयोजन में सहयोग देने वालों का सम्मान-
पूरे माह चले आयोजन के दौरान नगर के पत्रकार दिलीप गुप्ता की ओर से चाय तथा हरिओम-दिलीप मंडलोई की ओर से भोजन की व्यवस्था की गई। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समाजजनों का भी आभार व्यक्त किया गया।
समापन अवसर पर नव चेतना मंडल के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी समिति ने मुख्य अतिथियों सहित ऊन महिला मंडल, समाज अध्यक्ष तथा आयोजन में तन-मन-धन से सहयोग करने वाले समाजजनों का सम्मान किया।
कार्यक्रम के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।