चित्तौड़गढ़। सरस डेयरी संयंत्र एवं मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित हनुमान मंदिर परिसर, बोजुंदा में निर्माणाधीन श्री श्याम धाम मंदिर में द्वितीय मासिक श्री श्याम अरदास कीर्तन का आयोजन रविवार, 30 अगस्त को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले इस मासिक कीर्तन में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी भक्त शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद श्याम भक्तों ने बाबा श्याम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर बाबा श्याम के जयकारे लगाते नजर आए। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित की गई। श्रद्धालुओं ने ज्योत के दर्शन कर बाबा श्याम के चरणों में अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं। कार्यक्रम के दौरान श्याम भक्तों को सिक्कों के रूप में लक्ष्मीजी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम का आशीर्वाद मानकर श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।
मंदिर निर्माण शीघ्र पूर्ण होने की सामूहिक अरदास-
कीर्तन के दौरान श्याम भक्तों ने निर्माणाधीन श्री श्याम धाम मंदिर का निर्माण कार्य शीघ्र एवं निर्विघ्न पूर्ण होने तथा भव्य मंदिर जल्द भक्तों को समर्पित किए जाने की सामूहिक रूप से बाबा श्याम से अरदास की। श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि बाबा श्याम की कृपा से यह धाम आने वाले समय में श्याम भक्तों के लिए आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बने।
मासिक कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय श्री श्याम’ और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गूंज उठा।
आयोजकों ने बताया कि श्री श्याम धाम में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को नियमित रूप से मासिक श्री श्याम अरदास कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से श्याम प्रेमियों को बाबा श्याम की भक्ति, भजन और आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ने का अवसर मिलता रहेगा।