राजनगर। छतरपुर जिले के राजनगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस वर्ष भी बड़े धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। यादव समाज के तत्वावधान में बड़ी देवी मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शोभायात्रा खजुराहो स्थित मतंगेश्वर भगवान मंदिर पहुंची। पूरे आयोजन के दौरान राजनगर से लेकर खजुराहो तक भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते नजर आए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छतरपुर विधायक के पुत्र मोनू यादव शामिल हुए। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष अवधेश यादव एवं कांग्रेस मीडिया प्रभारी दीपांशु यादव ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर फूलमाला अर्पित कर पूजन-अर्चन किया। यादव समाज के वरिष्ठजनों द्वारा सभी अतिथियों का फूलमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों और समाज को दिए संदेशों का वर्णन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
शोभायात्रा बड़ी देवी माता मंदिर से प्रारंभ होकर फौजदार मोहल्ला, चौक बाजार और बस स्टैंड होते हुए खजुराहो के मतंगेश्वर भगवान मंदिर पहुंची। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। शिवसागर तालाब पर नगर परिषद राजनगर के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा की ओर से शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां, बालकृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियां, ऊंट और घोड़े विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज और डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरकते नजर आए। बड़ी संख्या में यदुवंशी समाज के लोग शोभायात्रा में शामिल हुए और पूरे रास्ते ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर निकली इस भव्य शोभायात्रा ने राजनगर की धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। आयोजन में समाज के लोगों के साथ नगरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।