जावरा। रतलाम जिले के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले में अवैध नशे और अपराध के खिलाफ आर-पार की जंग छेड़ दी है। एसपी अमित कुमार के सख्त निर्देश के बाद शुक्रवार को जावरा में पुलिस ने ऐसा धावा बोला कि अवैध कारोबारियों में दहशत फैल गई।
शुक्रवार को अचानक घेरी बस्ती
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत सीएसपी युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी संदीप मालवीय और डीएसपी प्रकाश गडरिया ने एक संयुक्त प्लान बनाया। प्लान के तहत जावरा औद्योगिक थाना, सिटी थाना, कालूखेड़ा थाना और सरसी चौकी की संयुक्त फोर्स ने ग्राम उखेड़िया स्थित कंजर बस्ती को चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस की इतनी बड़ी टीम को एक साथ देखकर बस्ती में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक-एक ठिकाने की बारीकी से तलाशी लेना शुरू किया।
ड्रमों में छुपा रखा था जहर, मौके पर ही बहाया
तलाशी के दौरान पुलिस को कई घरों के पीछे, झाड़ियों और ड्रमों में छुपाकर रखा गया। कच्ची शराब बनाने वाला महुआ लहान मिला। बताया जा रहा है कि यह लहान बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया था। पुलिस ने बिना देर किए सारे लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। नष्ट करने के दौरान पूरी बस्ती में महुआ की तेज बदबू फैल गई।
चोरी की बाइकों का भी मिला जखीरा
इसी दौरान पुलिस को मौके से 2 से 3 संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी मिलीं। इन बाइकों के न तो कागजात थे और न ही कोई दावेदार सामने आया। पुलिस को शक है कि ये बाइकें चोरी की हैं और अपराध में इस्तेमाल होती थीं। पुलिस ने सभी बाइकें जब्त कर ली हैं।
इस संबंध में जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्रवाई रतलाम एसपी अमित कुमार के स्पष्ट निर्देश पर की गई है। जब्त बाइकों के नंबरों की जांच की जा रही है। एसपी अमित कुमार ने साफ कहा है कि जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और चोरी की वारदातों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहाँ भी अवैध काम मिलेगा, वहाँ कार्यवाही की जाएगी।