भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। पूर्वी हिस्से में बारिश कराने के बाद अब मानसूनी सिस्टम प्रदेश के उत्तरी हिस्से में सक्रिय है। इसके चलते अगले दो दिनों तक ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
शनिवार को प्रदेश के 19 जिलों में भारी और अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। श्योपुर और शिवपुरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, सागर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा और नीमच, मंदसौर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। 5 सितंबर को श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मुरैना, भिंड और ग्वालियर में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। अलग-अलग जिलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं या नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए छुट्टी रखी गई है। कई स्थानों पर आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 6 सितंबर को भी मौसम प्रणाली सक्रिय रहेगी। इसके बाद 7 और 8 सितंबर को भी प्रदेश के कुछ जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि इंदौर में फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम बताई गई है।
प्रदेश में अब तक 30 इंच बारिश
मौसम केंद्र के अनुसार मध्यप्रदेश में अब तक करीब 762.7 मिलीमीटर यानी 30 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य औसत बारिश 816 मिलीमीटर यानी करीब 32.1 इंच से लगभग 2.1 इंच कम है। प्रदेश में कुल मिलाकर सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
हालांकि पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश का आंकड़ा अब सामान्य से करीब 3 प्रतिशत अधिक हो गया है। वहीं पश्चिमी हिस्से में औसत से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
कई जिलों में बारिश का आंकड़ा सुधरा
लगातार बारिश के कारण पूर्वी हिस्से के कई जिलों में बारिश के आंकड़ों में सुधार हुआ है। पिछले एक सप्ताह में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश की स्थिति बेहतर हुई है। कई जिलों में बीते दिनों बाढ़ जैसे हालात भी बने हैं, जिसके चलते सीजन की कुल बारिश के आंकड़े में तेजी से सुधार आया है।
वहीं प्रदेश के कुछ जिलों में अभी भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में बारिश का आंकड़ा औसत से काफी नीचे है।
24 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के 24 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, छतरपुर, डिंडौरी, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं।
फिलहाल उत्तरी मध्यप्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते अगले दो दिन महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से बारिश और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।