भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 8 सितंबर तक दुबई में आयोजित निवेशक सम्मेलन में शामिल होने जाएंगे। उनके लौटने के बाद प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ जिलों के कलेक्टर बदले जा सकते हैं, वहीं मंत्रालय स्तर पर भी कुछ अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के बीच प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है। संभावित फेरबदल में 2017 बैच के कुछ आईएएस अधिकारियों को कलेक्टर के रूप में नई जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।
जन विश्वास अभियान की रिपोर्ट भी बनी आधार-
7 जुलाई से शुरू किए गए जन विश्वास अभियान के दौरान कुछ जिलों की रिपोर्ट अपेक्षाकृत कमजोर पाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, इन जिलों में जन समस्याओं के निराकरण के साथ आम लोगों से संपर्क और संवाद की स्थिति भी संतोषजनक नहीं रही। प्रशासनिक कार्यों सहित अन्य कारणों के चलते कुछ कलेक्टरों को बदले जाने की तैयारी है।
मंत्रालय में अतिरिक्त प्रभार होंगे व्यवस्थित-
मंत्रालय स्तर पर भी कई अधिकारियों के पास महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त प्रभार है। संभावित फेरबदल में इन अतिरिक्त प्रभारों को भी व्यवस्थित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच आईएएस अधिकारियों की पदस्थापना को लेकर प्रारंभिक स्तर पर चर्चा हो चुकी है।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दुबई दौरे से लौटने के बाद अगले सप्ताह प्रशासनिक स्तर पर बदलाव की प्रक्रिया सामने आ सकती है।