कसरावद। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कसरावद में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में एसडीएम अनिल जैन, एसडीओपी श्वेता शुक्ला, थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी, तहसीलदार मुकेश मचार तथा नगर परिषद से संतोष चंद दसोंधी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और पत्रकार मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की हिदायत दी गई।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे। समिति सदस्यों ने त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।