चित्तौड़गढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले के निंबाहेड़ा, बड़ी सादड़ी, आकोला एवं कपासन नगर निकायों में शुक्रवार को शाम 6 बजे तक 79.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें बड़ी सादड़ी में सर्वाधिक 85.99 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान विभिन्न केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखा गया। बुजुर्ग, दिव्यांग एवं युवा मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नगर निकायवार मतदान की बात करें तो निंबाहेड़ा नगर परिषद में 74.95 प्रतिशत, बड़ी सादड़ी में 85.99 प्रतिशत, आकोला में 85.87 प्रतिशत तथा कपासन में 84.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा-
मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने आकोला एवं कपासन नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कार्मिकों एवं संबंधित अधिकारियों से मतदान की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. मंजू ने आकोला के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भावलियाखेड़ी एवं राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आकोला स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं एवं मतदान की स्थिति की जानकारी ली।
इसी प्रकार उन्होंने कपासन के अंबेडकर भवन एवं पीएम श्री विद्यालय कपासन स्थित मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों से मतदान की स्थिति की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मतगणना स्थल एवं स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया।
बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा पर जोर-
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है। मतदाताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनकी जागरूकता एवं जिम्मेदारी को दर्शाती है। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा बुजुर्ग, दिव्यांग एवं अन्य जरूरतमंद मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतदान लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करती है।
चुनाव पर्यवेक्षक ने भी किया निरीक्षण-
चुनाव पर्यवेक्षक हिम्मत सिंह बारहठ ने भी संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर राजेश सुहालका सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
नोटरू उपरोक्त आंकड़े मतदान समाप्ति के समय शाम 6 बजे तक सांख्यिकीय प्रकोष्ठ से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित हैं। अंतिम आंकड़ों के संकलन एवं पुष्टि के बाद मतदान प्रतिशत में मामूली परिवर्तन संभव है।