शाजापुर। ग्राम बापचा के ग्रामीणों ने बापचा से छापरी होते हुए खोखरा कलां और कालापीपल तक सीधा मार्ग उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कलेक्टर महोदया को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क मार्ग की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें आज भी लंबा रास्ता तय कर अपने आवश्यक कार्यों के लिए जाना पड़ता है।
ग्रामीण ध्यान सिंह कछावा ने बताया कि बापचा से खोखरा कलां जाने के लिए ग्रामीणों को मोहम्मदपुर, गणेशपुर और खरगोन होते हुए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इसके कारण विद्यार्थियों को कालापीपल में शिक्षा के लिए आने-जाने, किसानों को अपनी फसल बेचने, व्यापारिक कार्यों तथा शासकीय कार्यालयों से जुड़े कार्यों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 79 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन बापचा के ग्रामीण आज भी बेहतर सड़क और सीधी कनेक्टिविटी के अभाव में घूम-फिरकर जाने को मजबूर हैं। विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को कालापीपल जाने में काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रसूता महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने, थाना-तहसील संबंधी कार्यों, जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत कार्यालयों में जाने तथा अन्य दैनिक आवश्यकताओं के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। बरसात के दौरान समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि कलेक्टर महोदया ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया है कि 15 दिनों के भीतर PWD के SDO अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क मार्ग का निरीक्षण करेंगे। साथ ही ग्रामीणों को माननीय विधायक महोदय को भी आवेदन देने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों द्वारा विधायक महोदय को भी आवेदन सौंप दिया गया है।
ग्रामीणों ने मीडिया के माध्यम से कलेक्टर महोदया एवं कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक महोदय से मांग की है कि बापचा से छापरी होते हुए खोखरा कलां एवं कालापीपल तक सड़क मार्ग की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और विकास से जुड़ी मूलभूत आवश्यकता है।