चित्तौड़गढ़। महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें परेशान करने, पीछा करने तथा फोटो-वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने जैसी गतिविधियों के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को डिटेन किया।
महिला थाना अधिकारी रेणु खोईवाल ने बताया कि 14 सितंबर 2026 को एक महिला ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी पूर्व में नाथद्वारा निवासी भरत पालीवाल से मित्रता थी, लेकिन अब उक्त व्यक्ति उसके फोटो एवं वीडियो को लेकर उसे आए दिन परेशान और कथित रूप से ब्लैकमेल कर रहा था। शिकायतकर्ता ने संबंधित थाने में कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू की।
सादे वस्त्रों में रखी गई निगरानी-
जांच के दौरान 25 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति शिकायतकर्ता का पीछा कर रहा है और उसे बार-बार परेशान कर रहा है। शिकायतकर्ता की सुरक्षा तथा संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए महिला थानाधिकारी रेणु खोईवाल के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में निगरानी शुरू की।
निगरानी के दौरान उक्त व्यक्ति शिकायतकर्ता के आसपास दिखाई दिया। इस पर पहले से सादे वस्त्रों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों और महिला थाना पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे डिटेन कर लिया। पुलिस के अनुसार, संबंधित फोटो एवं वीडियो डिलीट करवाए गए तथा भविष्य में शिकायतकर्ता को किसी भी प्रकार से परेशान या ब्लैकमेल नहीं करने के लिए उसे पाबंद किया गया।
महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल रीना राजावत, आकांक्षा, गायत्री एवं लीला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090
जिला पुलिस ने महिलाओं एवं युवतियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य महिला संबंधी समस्या होने पर महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत एवं सहायता के लिए संपर्क करें।