नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुकड़ेश्वर पुलिस ने ग्राम हनुमंतिया में कार्रवाई करते हुए खेत पर छिपाकर रखा 175 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं मनासा एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
26 सितंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हनुमंतिया निवासी बलवंत पिता रतनलाल रावत के खेत पर अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने खेत पर दबिश दी। तलाशी के दौरान बलवंत रावत और उसके साथी हरिसिंह पिता बगदीराम रावत, दोनों निवासी हनुमंतिया, के कब्जे से कुल 175 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए मादक पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में कुकड़ेश्वर थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थ के स्रोत और इसके संभावित नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।