नीमच। नगरपालिका की करीब 4.32 लाख वर्गफीट बेशकीमती भूमि पर संचालित हॉस्टल को लेकर प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। कोर्ट से स्टे हटने के बाद प्रशासन ने पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन को अपने अधिपत्य में लेने की कार्रवाई की। इस दौरान जर्जर भवन में रह रहे करीब 25 विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से अन्य हॉस्टलों में शिफ्ट कराया गया। वहीं, जर्जर भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नगरपालिका की स्वामित्व वाली इस भूमि को लेकर न्यायालय में प्रकरण चल रहा था। अपील के बाद न्यायालय से स्टे हटने पर नगर पालिका ने अपनी भूमि को वापस अधिपत्य में लेने की प्रक्रिया शुरू की। नगर पालिका से प्राप्त पत्र के आधार पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शनिवार को कार्रवाई की गई।
जर्जर भवन में रह रहे थे विद्यार्थी-
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने हॉस्टल भवन का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार भवन जर्जर स्थिति में था और यहां रह रहे विद्यार्थियों से किराया लिया जा रहा था, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। शौचालय एवं स्नानघर की व्यवस्था भी खराब पाई गई। परिसर में घनी झाड़ियां होने के कारण सांप एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना हुआ था।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सभी करीब 25 छात्रों को भोलियावास स्थित नवीन हॉस्टल एवं पीजी कॉलेज हॉस्टल में बिना अतिरिक्त शुल्क के शिफ्ट कराया। छात्रों और उनके सामान को स्थानांतरित करने के लिए बसों, वाहनों एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की व्यवस्था की गई।
10 करोड़ से अधिक बताई बाजार कीमत-
अधिकारी के अनुसार करीब 4 लाख वर्गफीट में फैली इस भूमि की बाजार कीमत 10 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है। भूमि पर स्थित जर्जर भवन को हटाने का निर्णय लिया गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे से बुलडोजर के माध्यम से भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई, जो समाचार लिखे जाने तक जारी थी। वहीं परिसर में स्थित पेट्रोल पंप वाले हिस्से पर फिलहाल हाईकोर्ट से स्टे होने के कारण कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन ने इस हिस्से को कार्रवाई से अलग रखा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लगाए आरोप-
वहीं जीवाजी राव छात्रावास को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने भाजपा पर जमीन हथियाने के आरोप लगाए हैं। बाहेती ने कार्रवाई और जमीन के स्वामित्व को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए है।