सोनकच्छ। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रही प्रभावी कार्रवाई के तहत सोनकच्छ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काछी गुराड़िया गांव के समीप एक खेत से अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 354 पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजे का कुल वजन करीब 686 किलो बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 से 20 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, गंधर्वपुरी के समीप काछी गुराड़िया गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर जंगल से लगे सुनसान खेत में मक्का और सब्जियों के बीच गांजे की खेती की जा रही थी। फसल को छिपाने के लिए खेत के चारों ओर बेल वाली सब्जियों और ज्वार की बाड़ लगाई गई थी, जिससे बाहर से खेत सामान्य दिखाई देता था।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर ड्रोन से किए गए सर्वे के दौरान संदिग्ध खेती का पता चला। इसके बाद सोनकच्छ थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर गांजे के बड़े-बड़े पौधे बरामद किए। पुलिस ने ट्रैक्टर से करीब पांच बोरे भरकर गांजे के पौधे जब्त किए और मौके का पंचनामा बनाया।
मामले में खेत मालिक प्रेमसिंह कुशवाह को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। जब्त माल को सोनकच्छ थाने लाया गया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण दर्ज कर मामले की विस्तृत जानकारी सामने लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस की सतर्कता और तकनीक के इस्तेमाल से अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ड्रोन सर्वे के जरिए गांजे की खेती का खुलासा इसी अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है।