रीवा। आज दिनांक 02 दिसम्बर 22 को लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्यवाई को अंजाम दिया है। लोकायुक्त की टीम ने तहसील कार्यालय में पदस्थ एक राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के आवेदक शेख करिमुल्ला उम्र 61 वर्ष पिता शेख सलामत ग्राम व पोस्ट चंदिया थाना व तहसील चंदिया जिला उमरिया जोकि सेवा निवृत ऑपरेटर कोल माईस होकर कृषि कार्य करता है। आवेदक शेख करिमुल्ला अपनी बहू की जमीन का सीमांकन पश्चात एवं पैतृक जमीन का सीमांकन कराने के लिए तहसील चंदिया के राजस्व निरीक्षक लालमणि प्रजापति उम्र 54 शासकीय आवास तहसील कॉलोनी चंदिया जिला उमरिया के पास गया। उक्त काम के एवज में राजस्व निरीक्षक ने उससे 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। आवेदक शेख करिमुल्ला ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस रीवा को की।
लोकायुक्त पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक टीम गठित की। लोकायुक्त की टीम आवेदक शेख करिमुल्ला को लेकर शासकीय आवास तहसील कॉलोनी चंदिया पहुंची। जहां तय किये गए ट्रेप अनुसार आरोपी राजस्व निरीक्षक लालमणि प्रजापति को आवेदक शेख करिमुल्ला से 60000 रूपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा।
लोकायुक्त पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्यवाई शुरू की है।
उक्त कार्यवाई में डीएसपी लोकायुक्त राजेश पाठक, निरीक्षक जिया उल हक और टीम का सराहनीय योगदान रहा।