मध्यप्रदेश। ठंड बढ़ गई है। कई शहरों में रात का पारा लुढ़का है। 5 दिसंबर से कड़ाके की ठंड पड़ेगी और पूरा प्रदेश ठिठुरने लगेगा। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो इंदौर-भोपाल के मुकाबले जबलपुर और ग्वालियर में ठंड का असर ज्यादा रहेगा।
भोपाल में दिसंबर की शुरुआत से ही सर्दी का असर ज्यादा रहा। 1 और 2 दिसंबर को दिन में भी ठंड महसूस हुई। रात में और अलसुबह पारे में खासी गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते लोग भी कंपकंपा उठे। शनिवार और रविवार को मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 5 दिसंबर के बाद उत्तर से आने वाली हवाओं का स्ट्रांग विंड सिस्टम बनने की संभावना है। इसके बाद ठंड बढ़ जाएगी।
इन दिनों नौगांव और पचमढ़ी में ठंड ज्यादा है। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 7 डिग्री के आसपास चल रहा है। वहीं, नौगांव में तापमान 6 डिग्री के करीब है। इसके अलावा खजुराहो, उमरिया, मालंकखंज, गुना, ग्वालियर, खंडवा, रायसेन, राजगढ़ समेत कई शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे चल रहा है। पांच दिसंबर के बाद अन्य शहरों के तापमान में भी खासी गिरावट होगी।