मंदसौर। शहर में शिवना शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस के नेता कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। 8 दिसंबर को गौरव दिवस पर मंदसौर आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी कांग्रेसी नारे लगाते हुए ज्ञापन देने जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। कांग्रेस नेताओं ने बार-बार शिवना शुद्धिकरण को लेकर मीडिया के माध्यम से बताया कि शिवना का जल पूरी तरह से खराब हो गया है और बुरी तरह से बदबू मार रहा है। इससे यहां से गुजरने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने मुंह पर कपड़ा बांधकर नदी का पुल पार कर रहा है। नगर पालिका ने संज्ञान में लेते हुए आज पशुपतिनाथ मंदिर के पास छोटी पुलिया से कचरा व मरी हुई मछलियां को निकाला। ट्रैक्टर ट्राली में भरकर अन्यत्र ले जाया गया। नगर पालिका कर्मचारी ने बताया कि आज रविवार होने की वजह से हाफ डे है कल से पूरा दिन सफाई का काम किया जाएगा।