निंबाहेड़ा। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ पर मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सूर्याेपासना के विविध अनुष्ठान के साथ सवा लाख जाप कर सर्वत्र आनन्द वर्षा की कामना की गई। वेदपीठ के पदाधिकारियों के अनुसार प्रातरू मंगला दर्शन के पश्चात ठाकुरजी का 21 द्रव्यों से महारूद्राभिषेक कर कल्याण नगरी के राजाधिराज को सूर्य स्वरूप धारण कराया गया। सप्त अश्व सवार सूर्यदेव स्वरूप में ठाकुर जी के दर्शन कर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाव विभोर हुए। इस पावन अवसर पर कल्याण भक्तों को दस विधि स्नान के साथ गंगा स्नान करवाकर सूर्याेपासना की गई। इस दौरान सात घण्टे तक सूर्य यंत्र का अभिषेक कर सूर्य यज्ञ में यजमानों द्वारा शाकल्य एवं गौघृत्य की आहूतियां देकर देश-प्रदेश में खुशहाली के साथ वैदिक विश्वविद्यालय को परवान चढ़ाने का अनुनय आग्रह किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कल्याण भक्त वेदपीठ के पदाधिकारी, वीर एवं वीरांगनाएं मौजूद थे।