नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नवविवाहिता ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सोनू उर्फ रिंकू (18) निवासी हिंगोरिया फाटक के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले अपने मायके गायरी गुड़ा आई थी। शुक्रवार को उसने घर में रखा सल्फास खा लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल मनासा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल नीमच रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रात करीब 8 बजे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ किन परिस्थितियों में खाया और इसके पीछे क्या कारण रहा, इसे लेकर परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है।