मंदसौर। वायडी नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महू-नीमच फोरलेन से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच पिट्ठू बैग में भरा कुल 67.38 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है, बरामद किया। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी डोडाचूरा लेकर पंजाब और हरियाणा की ओर जा रहे थे। पुलिस ने तस्करों को रास्ते में ही घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपियों के विरुद्ध थाना वायडी नगर में अपराध क्रमांक 363/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
कांबिंग गश्त के दौरान मिली सफलता-
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं सीएसपी जितेंद्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा भ्रमण, रात्रि कांबिंग गश्त एवं पेट्रोलिंग की जा रही थी।
इसी दौरान महू-नीमच फोरलेन पर संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस ने पांच व्यक्तियों को घेराबंदी कर रोका। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पांच पिट्ठू बैग से 67.38 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पंजाब और हरियाणा के रहने वाले हैं आरोपी-
पुलिस ने आरोपियों की पहचान लवदीप सिंह (22), निवासी अजीत नगर, अबोहर, जिला फाजिल्का, पंजाब; राजिंदर सिंह (58), निवासी अलियाना, थाना अरनिवाला, जिला फाजिल्का, पंजाब; गुरप्रीत (29), निवासी राताखेड़ा, थाना रतिया सिटी, जिला फतेहाबाद, हरियाणा; अंग्रेज सिंह उर्फ गेज सिंह (23), निवासी घट्यावाली बोदला, थाना अरनिवाला, जिला फाजिल्का, पंजाब तथा हरिंदरपाल सिंह उर्फ काला (42), निवासी अलियाना, थाना अरनिवाला, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में की है।
चार मोबाइल सहित डोडाचूरा जब्त-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन काले रंग के पिट्ठू बैग, एक नीले रंग का तथा एक फिरोजी रंग का पिट्ठू बैग जब्त किया, जिनमें कुल 67.38 किलोग्राम डोडाचूरा भरा हुआ था। इसके अलावा एक वीवो कंपनी का मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल और एक अन्य वीवो कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया गया।
डोडाचूरा कहां से लाए, किसे करना था सप्लाई- पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे डोडाचूरा कहां से लेकर आए थे और इसे पंजाब एवं हरियाणा में किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ के स्रोत और पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान-
कार्रवाई में थाना वायडी नगर प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय, सउनि जगदीश ठाकुर, प्रधान आरक्षक मनीष लबाना, अरविंद पुरोहित तथा आरक्षक अमित पांचाल, नीरज सिंह, राजेंद्र मेघवाल, सुधीर राठौर एवं सुंदर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।