नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,146.460 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान राजस्थान नंबर के एक टाटा ट्रक को भी जब्त किया गया तथा वाहन चालक सहित एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
सीबीएन अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बेगूं क्षेत्र से कटुन्दा मोड़ होते हुए मारवाड़ क्षेत्र की ओर एक ट्रक में डोडाचूरा की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय द्वारा विशेष निवारक टीम गठित कर 20 अगस्त की तड़के संदिग्ध मार्ग पर रवाना किया गया।
टीम ने रायता से कटुन्दा मोड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर निगरानी शुरू की। इस दौरान संदिग्ध राजस्थान नंबर के टाटा ट्रक को रोककर जांच की गई। ट्रक में चालक के अलावा एक अन्य व्यक्ति मौजूद था, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान ट्रक में लकड़ी के पट्टों और काले तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे गए 57 प्लास्टिक कट्टों से 1,146.460 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। सीबीएन ने मादक पदार्थ सहित तस्करी में प्रयुक्त टाटा ट्रक को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
सीबीएन ने बताया कि यह कार्रवाई नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। विभाग ने भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।