देवास में बीएनपी थाना पुलिस ने महज 12 घंटे में ट्रक चोरी का खुलासा कर चोरी गया ट्रक बरामद करते हुए राजस्थान के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार टोल कांटे पर ट्रक खड़ा कर ढाबे पर खाना खाने गए ड्राइवर के लौटने पर ट्रक गायब मिला था।
शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र वर्धमान एवं उप पुलिस अधीक्षक (एल/आर) अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन तथा बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने महज 12 घंटे में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹24 लाख कीमत का ट्रक एवं ₹1 लाख का माल, कुल ₹25 लाख का मश्रुका बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल बंजारा निवासी निपानिया, जिला गंगाधर, राजस्थान, तेजूलाल मेहर निवासी सरवन, जिला झालावाड़, राजस्थान और जगदीश सिंह निवासी बानीखेड़ी, जिला झालावाड़, राजस्थान शामिल हैं। कार्रवाई में बीएनपी पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।