उज्जैन। बड़नगर में पुलिस ने टायर चोरी करने वाली शातिर पारदी गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों संतोष पारदी और अर्जुन पारदी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मामला बड़नगर के रुनिजा रोड का है, जहां 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात बदमाशों ने टायर की दुकान का शटर उचकाकर टायर और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध पिकअप वाहन का सुराग लगाया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पिटलावदिया फंटे के पास घेराबंदी कर बिना नंबर की पिकअप को रोका। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर रतलाम जिले के सिमलावदा के पास झाड़ियों से 14 चोरी किए गए टायर और 10 हजार रुपए नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त किया है। बरामद मशरुके की कुल कीमत करीब 9 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दिन में दुकानों की रैकी करते थे और रात में शटर उचकाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। थाना प्रभारी और उपुअ कमलेश सिंघार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों और पिछली वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।