चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी पुलिस ने भारतीय सेना का सदस्य नहीं होते हुए सेना की वर्दी पहनकर स्वयं को राजपूताना राइफल्स का जवान बताने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारतीय सेना से संबंधित फोटो, वीडियो एवं रील प्रसारित करने का आरोप है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 21 अगस्त को मिलिट्री इंटेलिजेंस, पुणे से बड़ीसादड़ी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि भारत सिंह पिता रामसिंह राजपूत, निवासी खरदेवला, थाना बड़ीसादड़ी, स्वयं को भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स का जवान बताकर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट संचालित कर रहा है।
सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेन्द्र सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्ध भारत सिंह को डिटेन कर उसके कब्जे से मिले दो एंड्रॉयड मोबाइल की जांच की।
पुलिस के अनुसार मोबाइल की जांच में फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब पर उसके अकाउंट मिले। प्रोफाइल फोटो सहित विभिन्न पोस्ट में आरोपी को भारतीय सेना की वर्दी पहने हुए दिखाया गया था। सोशल मीडिया पर सेना की वर्दी में फोटो, वीडियो एवं रील प्रसारित करना भी पाया गया।
पुलिस ने भारतीय सेना का सदस्य नहीं होते हुए सेना की वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर वीडियो एवं रील प्रसारित करने के आरोप में भारत सिंह को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध धारा 319(2), 204, 205, 168 बीएनएस एवं धारा 66डी आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में अनुसंधान जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी भारत सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी एक आपराधिक प्रकरण दर्ज है, जिसमें न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।
पुलिस टीम- एसआई बाबूलाल, कांस्टेबल राकेश कुमार, बाबूलाल, नानूराम एवं राजकुमार की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।