सिंगोली। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 325.140 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ वाहन एवं दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त 2026 को सिंगोली-कदवासा फंटा से कदवासा मार्ग पर ब्राह्मणी नदी के आगे मोड़ के पास पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कदवासा की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक 22BH4638B आती दिखाई दी। पुलिस वाहन की लाइट देखकर चालक ने कार को तेजी से वापस मोड़ने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा।
पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 16 काले रंग के प्लास्टिक कट्टों में कुल 325.140 किलोग्राम डोडाचूरा भरा मिला। पुलिस ने डोडाचूरा सहित क्रेटा कार और वाहन में मिले दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए। अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीम गठित की है।
42 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त-
पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 32 लाख 51 हजार 400 रुपये, हुंडई क्रेटा कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन की कीमत करीब 20 हजार रुपये है। इस प्रकार पुलिस ने मादक पदार्थ, वाहन एवं मोबाइल सहित करीब 42 लाख 71 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
टीम की रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिंगोली निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।