नीमच। जिला प्रोवाइडर संघ नीमच ने रजिस्ट्री एवं स्टाम्प विभाग की साइट पर आ रही परेशानी और असुविधा को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पर आज एक ज्ञापन सौंपा।
बीते एक महीने से पंजीयन पोर्टल का सर्वर डाउन चल रहा है। जिसके कारण आमजन के साथ सर्विस प्रोवाइडर क्रेता विक्रेता भी परेशान हैं। अनेक शिकायतों के बाद भी सर्वर डाउन होने की समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है। हालात यह है कि जिस रजिस्ट्री में अधिकतम 30 मिनट का समय लगना चाहिए, उसमें घंटों लग रहे हैं। हालातों को देखते हुए जनहित में सर्विस प्रोवाइडर संघ नीमच ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर और जिला पंजीयक के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि क्रेडिट लिमिट बनाते समय जो पैसा या राशि फंस जाती है वह 24 घंटे में मिलना चाहिए। पंजीयन शुल्क पर सर्विस प्रोवाइडर को कमीशन मिलना चाहिए। नीमच में दो पंजियकों की नियुक्ति की जाए। रजिस्ट्री का कार्य सड़क पर खुलेआम हो रहा है जहां पक्षकार, क्रेता, विक्रेता अमानत लेकर खड़े रहते हैं, इसकी सही व्यवस्था की जाए। ऐसी ही कई मांगे जिला सर्विस प्रोवाइडर संघ द्वारा की गई।
ज्ञापन सौंपते समय राजेंद्र जारोली, एडवोकेट महेंद्रसिंह सिसोदिया, संदीप जैन, तुषार कोचेटा, विष्णु पाटीदार, राजेंद्र निमावत, ओमप्रकाश अग्रवाल, भारत सिंह कोचेटा एवं बड़ी संख्या में सर्विस प्रोवाइडर, दस्तावेज लेखकगण और नीमच रियल एस्टेट ब्रोकर्स ग्रुप के पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।