नीमच। आज नीमच में भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी छात्र संघ के संयुक्त तत्वाधान में सामाजिक न्याय यात्रा निकाली गई। जिसका मुख्य उद्देश्य आरक्षण बचाओ, संविधान बचाओ रहा।
उक्त रैली अंबेडकर सर्कल से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, भारत माता चौराहा, टैगोर मार्ग, सीआरपीएफ चौराहा से होती हुई पुनः अंबेडकर सर्कल पहुंच कर आम सभा में परिवर्तित हो गई। रैली के बाद भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया। जिसमें नयागांव चेकपोस्ट पर हो रही अवैध वसूली को तत्काल बंद करने, एससी एसटी वर्ग के बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने, नीमच जिले की ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन का लाभ गरीब असहाय लोगों को दिलाने, जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की नियुक्ति आदि 23 मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
रैली में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश वरसी, रवि गुर्जर, महेश अंबेडकर, विशाल मेघवाल, गोविंद वाल्मीकि, पवनराय कुंवर, राहुल सोलंकी, पुष्पा मेघवाल, संगीता सोलंकी, सीमा वर्मा, राकेश मालवीय, कैलाश अहिरवार एवं बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।