भोपाल। राजाभोज विमानतल भोपाल पर एयर फील्ड पर्यावरण प्रबंध समिति की सोमवार को संभागायुक्त मालसिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के अनुरूप एयर एरिया बनाने के लिए की जा रही कार्यवाही पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन, वन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को समन्वय करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह, विमानपत्तनम निदेशक रामजी अवस्थी सहित वन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में उपभोक्ता संतुष्टि इंडेक्स में भोपाल को देश में तीसरा स्थान अर्जित होने पर भी संतोष व्यक्त किया गया।
विमानपत्तन निदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि प्रचालन क्षेत्र में और उसके आसपास पक्षियों और जानवरों की उपस्थिति सुरक्षित विमान संचालन के लिए जरूरी उपाय किए गए है और आसपास पक्षियों की गतिविधि को रोकने के लिए हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्र में कचरे की सफाई, निपटान नियमित रूप से करवाई गई है। प्रबंधक एटीसी द्वारा बताया गया कि वर्तमान में कोई भी गंभीर पक्षी टकराव नहीं हुआ है। संभागायुक्त ने बैठक में निर्देश कि विमानतल के प्रचालन क्षेत्र के अंदर जैकाल, डॉग्स आदि को पकड़ने के लिए वन विभाग के सहयोग से समय समय पर विशेष अभियान के तहत कार्यवाही की जाए । बैठक में बताया गया कि वर्तमान में भोपाल से जबलपुर, ग्वालियर, बिलासपुर, लखनऊ, इंदौर एवं कोलकत्ता के लिए एयर कनेक्टिविटी की आवश्यकता है।
अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए आवश्यक अधोसंरचना मानकों के अनुसार उपलब्ध है। हज के दौरान भोपाल उड़ाने प्रचलित की जाती रही है। नियमित सेवा प्रारंभ करने के लिए एयरलाइंस की डिमांड पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। विमानपत्तन निदेशक द्वारा समिति सदस्यों को बताया गया कि भोपाल में एमआरओ फैसिलिटी दिसम्बर 2023 तक संबंधित कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। भोपाल विमानतल भारत सरकार की कृषि उड़ान 2.0 योजना में शामिल है। जिला प्रशासन भोपाल एवं नगर निगम को झुग्गी क्षेत्र का फॅमिली सर्वे तथा लैंड ओनर सर्व कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही उक्त परिवारों के विस्थापन हेतु क्षेत्र में स्थान चिन्हित कर सूचित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि विमानतल से 50 किमी के दायरे में निर्माण के लिए भाविप्रा से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना आवश्यक है।
इस संबंध में गाईडलाईन्स एवं नियमावली भाविप्रा की वेबसाई पर उपलब्ध है। इस नियम का पालन कराने के नगर निगम को निर्देश दिए गए है। विमानपत्तन निदेशक द्वारा भोपाल हवाई अड्डा के एंट्री एवं एक्जिट रोड पर एएनपीआर कैमरा लगवाने का अनुरोध किया गया ताकि किसी भी घटना के बाद जाँच करने में आसानी हो। नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्मार्ट सिटी प्रबंधन से समन्वय कर कैमरे लगवाएं।