भोपाल। संभागायुक्त मालसिंह ने सहकारिता मार्कफेड तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 20 तारीख को समाप्त हो रही गेहूं उपार्जन की अंतिम तिथि तक सुनिश्चित करें कि जिन किसानों का स्लाट बुक हो उनका गेहूं उपार्जित हो जाए। मालसिंह सोमवार को संभागायुक्त कार्यालय में गेहूं और चना उपार्जन सहित खाद तथा उर्वरक भंडारण की समीक्षा कर रहे थे।
गेहूं उपार्जन के लिए स्लाट बुकिंग 17 मई तक होगा। बैठक में बताया गया कि अब तक भोपाल संभाग में 22 लाख मैट्रिक टन से अधिक गेहूं और एक लाख 71 हजार मैट्रिक टन चना, 19 हजार मैट्रिक टन सरसों और लगभग 23 हजार मैट्रिक टन मसूर की खरीदी की जा चुकी है। संभाग आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी गई उपज का तत्काल परविहन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों को अब तक हुए भुगतान की समीक्षा करते हुए द्रुतगति से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
25 तक खाद और उर्वरक भंडारण करें संभागायुक्त ने सहकारी समिति के संयुक्त आयुक्त और मार्कफेड के क्षेत्रीय अधिकारी के साथ संभाग में यूरिया और डीएपी खाद के भंडारण की समीक्षा की। उन्होंने दोनों अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी डबल लाक और सिंगल लाक केन्द्र के अलावा सभी सहकारी समितियों में दोनों जिंसों का भंडारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस संबंध में मैदानी अमले को तत्काल निर्देश जारी करने के लिए कहा है।