शाजापुर। हमारा शाजापुर-स्वच्छ शाजापुर” अभियान में आज कलेक्टर किशोर कन्याल ने जनप्रतिनिधिगणों के साथ नगर के वार्ड क्रमांक 28 में घूमकर स्थानीय रहवासियों से चर्चा कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ महेन्द्र प्रताप सिंह किरार, तहसीलदार मधु नायक, जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे (स्थानीय रहवासी), स्वच्छता समिति सभापति दुष्यंत सोनी, पार्षद मुकेश दुबे, दिनेश सौराष्ट्रीय, लोकेश शर्मा सहित प्रतिनिधि के रूप में प्रशांत चौहान एवं नीरज वैष्णव भी उपस्थित थे।
वार्ड क्रमांक 28 की गलियों में कलेक्टर, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ घूमें। इस दौरान उन्होंने वार्ड के पार्क के बोर्ड पर नाम लिखवाने के निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान स्थानीय रहवासी दीप शर्मा के सामने खाली पड़े प्लॉट से कचरा उठाने के लिए प्लॉट मालिक को निर्देशित करने के लिए कहा। निर्देश के बावजूद प्लॉट पर से कचरा नहीं उठाने पर संबंधित के विरूद्ध फाईन करने के लिए भी कहा। गलियों में घूमने के दौरान खाली पड़े भूखण्डों पर पड़े वेस्ट बिल्डिंग मटेरियल्स को भी हटवाकर नीलाम करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने बताया कि नगरपालिका वेस्ट को नीलाम कर धनार्जन कर सकती है। कलेक्टर ने गंदगी फैलाने वालों पर भी फाईन करने के लिए कहा। वार्ड में नवनिर्मित सीवर लाईन से सभी मकानों को जोड़ने के लिए कहा। वार्ड से गुजरने वाली जलसंसाधन विभाग की नहर की सफाई तीन दिवस में करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। कलेक्टर ने नहर की सफाई में 20 मजदूरों के लिए कलेक्टर कार्यालय से राशि देने का कहा। कलेक्टर ने नगरपालिका सीएमओ को निर्देश दिये कि वे तीन दिवस में 10 किलोमीटर लंबी नहर की सफाई करवाएं। वार्ड रहवासियों ने कहा कि कचरे की गाड़ियां नियमित रूप से उनके मोहल्ले में नहीं आती। सीएमओ ने बताया कि स्थानीय पार्षद के साथ बैठकर प्लान बनाकर कचरा कलेक्शन गाड़ियां शुरू कराएंगे। सड़क पर भ्रमण के दौरान प्याज खनन के लिए मजदूरी पर जा रही दो महिलाओं से भी कलेक्टर ने चर्चा की।
वैष्णव बावड़ी की सफाई एवं बाउण्ड्री पर तार फेंसिंग कराएंगे-
वार्ड क्रमांक 28 में भ्रमण के दौरान यहां स्थित बावड़ी पर सही तरीके से बाउण्ड्री नहीं होने पर कलेक्टर ने साथ चल रहे पार्षद प्रतिनिधि नीरज वैष्णव से कहा कि वे अपनी ओर से बावड़ी की सफाई कराएं और तार फेंसिंग लगाएं। वैष्णव ने सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि 15 दिन में कार्य पूरा कर देंगे।
सड़क किनारे पैवर्स लगाने की दुबे ने दी सहमति-
शरद नगर में भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासियों ने बताया कि यहां आसपास के लोग एवं मांसाहार की दुकान संचालित करने वाले कुछ लोग यहां वेस्ट प्रोडक्ट एवं कचरा डालकर चले जाते हैं, जिससे गंदगी फैलती है। कलेक्टर ने सीएमओ से कहा कि मांसाहार दुकानों से वेस्ट कलेक्शन के लिए अलग से वाहन चलाएं और इन दुकान संचालकों से कलेक्शन चार्ज भी वसूलें। इस दौरान कलेक्टर ने जिस स्थान पर गंदगी फैलायी जाती है, वहां पैवर ब्लॉक लगाकर जगह को सुन्दर बनाने के लिए सड़क के बगल के खेत मालिक को प्रेरित करें। साथ चल रहे जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे ने बताया कि यह खेत उनके छोटे भाई विजय दुबे का है। दुबे ने बताया कि यहां पर दुकान निर्माण के लिए अनुमति प्राप्त करने की कार्यवाही प्रचलित है। दुकान निर्माण की अनुमति मिलते ही वे यहां पर पैवर ब्लॉक्स भी लगवा देंगे।
ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के निर्देश-
मुख्य मार्ग पर भ्रमण के दौरान काशी नगर एवं शरद नगर के जोड़ पर स्थित एक ट्रांसफार्मर जो कि सड़क पर ही है और खतरे को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल दूरभाष पर अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कंपनी को ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर ने सभी नागरिकों को “हमारा शाजापुर-स्वच्छ शाजापुर का संकल्प भी दिलाया।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।