रायसेन। प्रदेश सरकार द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री सीखो-कमाओं योजना, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में बहुत मददगार होगी। इस योजना में हम जैसे युवाओं को कम्पनियों और सर्विस सेक्टर में कौशल सीखने के साथ-साथ स्टाइपेंड भी मिलेगा। यह कहना है शासकीय आईटीआई रायसेन में अध्ययनरत प्रतिभा ठाकुर, सिद्धांत लोधी सहित अन्य युवाओं का।
उन्होंने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओं योजना के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा प्रदेश सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा युवाओं के रोजगार के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सीखो-कमाओं योजना इस दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इसमें सबसे अच्छी बात यह है कि कार्य सीखने की अवधि में स्टाइपेंड भी मिलेगा। योजना से युवाओं का कौशल उन्नयन होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और कमाई का बेहतर मार्ग प्रशस्त होगा।