शाजापुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में नगरीय निकायों के अच्छे प्रदर्शन के लिए आज कलेक्टर सभा कक्ष में कार्यशाला का अयोजन किया गया। कार्यशाला में कलेक्टर किशोर कन्याल ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ से कहा कि वे केवल अंक अर्जित करने के लिए नहीं, बल्कि आमजन का दिल जीतने के लिए स्वच्छता अभियान क्रियान्वित करें। इस अवसर पर नगरपालिका शुजालपुर अध्यक्ष बबीता परमार तथा उज्जैन संभाग स्वच्छ भारत मिशन पी आई यू टीम से जितेन्द्र गुज्जर वाडिया और डॉ हिमांशु शुक्ला भी उपस्थित थे।
स्वच्छता के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान आदतों में बदलाव लाने के लिए है। आमजन को सिखाना होगा कि वे अपने आसपास गंदगी नहीं रखें। कचरे का समुचित प्रबंधन कर गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग रखें और कचरा गाड़ी में डालें। स्वच्छ भारत मिशन जन आंदोलन है, इससे जनता का जुड़ाव जरूरी है। वही जनता में जागरूकता की जरूरत भी है। अभियान के क्रियान्वयन के लिए सभी सीएमओ कौन व्यक्ति क्या करेगा, इसकी रूपरेखा पहले से तय करें। कचरा कलेक्शन के लिए गाड़ियों का समय पालन जरूरी है, इसके लिए ड्रायवर्स एवं हेल्पर को भी प्रशिक्षित करें। अभियान के प्रति जागरूकता के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाएं। सर्वेक्षण में अच्छा प्रदर्शन कर नंबर कैसे अर्जित करें, इस पर भी सभी सीएमओ ध्यान दें।
नगरपालिका शुजालपुर अध्यक्ष परमार ने भी शुजालपुर क्षेत्र में मंदिरों से निकलने वाली पूजन सामग्री के लिए अलग से वाहन चलाने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि शुजालपुर में एक टोलफ्री नंबर जारी किया गया है, जिस पर महिलाएं अपने आसपास पड़ी गंदगी के संबंध में सूचनाएं देती है। सूचना प्राप्त होने पर तत्काल शिकायत का निवारण किया जाता है।
इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी एवं प्रभारी परियोजना अधिकारी डूडा नरेन्द्रनाथ पाण्डेय ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र में सभी मिलकर किस तरह प्रगति हासिल करें। उन्होंने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पैरामीटर्स बनाने के लिए कहा। कार्यशाला में स्वच्छ भारत मिशन पीआईयू ने विस्तार से प्रशिक्षण देते हुए अंक अर्जित करने के बारे में बताया।
इस अवसर पर नगरीय निकाय अकोदिया सीएमओ राजेश सेन, पानखेड़ी एवं शुजालपुर प्रवीण सेन, पोलायकलां प्रभारी सीएमओ कैलाश सस्त्या, शाजापुर सहायक यंत्री सुरेन्द्र सोजतिया, अशासकीय संगठन से शुभम वर्मा, संदीप लालावत, शुभम पाटीदार, सूरजसिंह चौहान, राजकुमार ठाकुर, शीना हुसैन सहित नगरीय निकायों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद थी।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।