शाजापुर। कलेक्टर किशोर कन्याल ने शाजापुर जिले के सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने आधार कार्ड में पहचान प्रमाण एवं पते के प्रमाण को अपडेट कराएं, जिससे कि उन्हें विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का सुविधा पूर्वक लाभ ले सकें और भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उल्लेखनीय है कि विगत 10 वर्षों के दौरान आधार नंबर व्यक्ति की पहचान के प्रमाण के रूप में उभरा है। आधार नंबर का उपयोग विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिये किया जा रहा है। इन योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए, व्यक्तिगत नवीनतम विवरण को आधार में अपडेट रखना है, ताकि आधार प्रमाणीकरण/सत्यापन में असुविधा न हो। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग मध्यप्रदेश शासन ने ऐसे व्यक्ति, जिन्होंने अपना अधार 10 वर्ष पूर्व बनवाया था एवं उसके बाद से कभी अपडेट नहीं करवाया है, उनसे आधार डॉक्यूमेंट अपडेट करवाने का आग्रह किया गया है। साथ ही इस संबंध में अपडेट किए जाने के लिये निर्धारित शुल्क के साथ व्यक्तिगत पहचान एवं पते के प्रमाण दस्तावेजों को आधार डाटाबेस में अपडेट करने की सुविधा प्रदान की गई है, जिसके लिये नजदीकी आधार सेवा केन्द्र पर जा सकते है।
आधार में अपडेट किए जाने के लिए वेब पोर्टल My Aadhaar Portal (https://myaadhaar.uidai.gov.in) का उपयोग कर 30 जून 2023 तक नागरिक अपना आधार डाटाबेस निःशुल्क अपडेट कर सकते है। इसके अतिरिक्त रहवासी अपने नजदीकी आधार केन्द्र पर जाकर भी आधार अपडेट करवा सकते है, जिसका शुल्क 50 रूपये कियोस्क संचालक एवं आधार संचालक को देय होगा।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।