नीमच। नीमच सहित सम्पूर्ण प्रदेश में विकसित हुई अनाधिकृत कालोनियों में निवासरत नागरिक लम्बे समय से मूलभूत सुविधाओं सहित अन्य विकास कार्यों के लिये परेशान थे। इन अनाधिकृत कॉलोनियों में निवासरत नागरिकों की परेशानी को देखते हुए मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराजसिंहजी चौहान ने अनाधिकृत कॉलोनियों में निवासरत नागरिकों से वादा किया था कि वे अनाधिकृत कॉलोनियों को वैधता का दर्जा प्रदान कर वहां के निवासियों को सभी मूलभूत सुविधाएं व विकास कार्यों की सौगात प्रदान करेंगे। उसी संकल्प को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंहजी चौहान 23 मई, 2023 को भोपाल में नगरीय क्षेत्र की 31.12.2016 तक बिना अनुमति विकसित हुई अनाधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्यों के क्रियान्वयन एवं भवन निर्माण अनुमति प्रदान करने की कार्यवाही का शुभारंभ करेंगे। भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्रीजी के कार्यक्रम का लाईव प्रसारण नगरपालिका परिषद्, नीमच द्वारा वार्ड क्र. 1 में फिल्टर को के पास स्थित सांवरिया मांगलिक भवन में 23 मई को प्रातः 11 बजे विधायक दिलीपसिंह परिहार व अन्य अतिथिगणों की उपस्थिति में दिखाया जावेगा।
उपरोक्त जानकारी देते हुए नगरपालिका परिषद्, नीमच की अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत नगरपालिका क्षेत्र नीमच की 2016 से पूर्व वाली अनाधिकृत कॉलोनियों को भी वैधता का दर्जा प्राप्त हो जावेगा और नीमच की अनाधिकृत कॉलोनियों में निर्माण अनुमति, सभी मूलभूत सुविधाएं व विकास कार्यों को प्रारंभ करने की प्रक्रिया शुरू हो जावेगी।जिससे अनाधिकृत कॉलोनियों का समुचित विकास हो सकेगा। इस हेतु विकास कार्यों के प्राकलन तैयार करने के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी व उपयंत्रियों को निर्देशित कर दिया गया है।
नपाध्यक्ष चौपड़ा ने बताया कि नगरीय क्षेत्र नीमच की अनाधिकृत कॉलोनियों को वैधता का दर्जा दिलाने हेतु सांसद सुधीर गुप्ता व विधायक दिलीपसिंह परिहार लंबे समय से प्रयासरत थे और नगरपालिका चुनाव में मेरे द्वारा भी अनाधिकृत कॉलोनियों में निवासरत नागरिकों से अनकी कॉलोनी को वैधता का दर्जा दिलाकर अन्य कॉलोनियों की तरह समुचित विकास कराने का वादा किया गया था। नागरिकों से किये गये वायदे के अनुरूप भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात् अनाधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्यों के क्रियान्वयन एवं भवन निर्माण अनुमति की प्रक्रिया प्रारंभ हो जावेगी, जिससे अनाधिकृत कॉलोनियों के विकास के रास्ते खुल जावेंगे।
चौपड़ा ने बताया कि अनाधिकृत कॉलोनी होने से अब तक वहां के निवासियों के मकान निर्माण अनुमति, नामांतरण, भवन निर्माण हेतु बैंकों से ऋण प्राप्त करने जैसे अनेक कार्य नहीं हो पा रहे थे। अब अनाधिकृत कॉलोनियों को वैधता का दर्जा मिलने से नागरिकों की सभी परेशानियां दूर होगी। चौपड़ा ने अनाधिकृत कॉलोनी वासियों को उपरोक्त सौगात प्रदान करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंहजी चौहान का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा है कि अब नीमच में भी शासन के निर्णयानुसार 2016 से पूर्व वाली अनाधिकृत कॉलोनियों में विकास की गंगा बहने लगेगी व नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान होने के साथ ही मकान निर्माण अनुमति, नामांतरण, नल संयोजन, बिजली कनेक्शन, भवन निर्माण हेतु ऋण आदि सभी कार्य की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।