राजगढ़। जनसेवा अभियान शिविर के दौरान ग्राम रामगंज तहसील जीरापुर में 07 वर्ष के दिव्यांग बालक दीपेश की उगलियों में समस्या होने से आधार कार्ड में बायोमेट्रिक जानकारी दर्ज न हो पाने के कारण बैंक खाता नही खुलने की समस्या बताई गई थी।
कलेक्टर हर्ष दीक्षित द्वारा मौके पर ही तहसीलदार रामनिवास धाकड़ एवं जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक अभिषेक रघुवंशी को दीपेश के आधार में फिंगर एवं आइरिश अपडेट की समस्या का समाधान करने हेतु निर्देशित किया। जिसके बाद दीपेश के माता-पिता एवं ई-गवर्नेंस के सहायक प्रबंधक संदीप खंडेलवाल द्वारा दीपेश को लेकर आज नगर पालिका जीरापुर स्थित आधार पंजीयन केंद्र पहुंचे। जहां काफी देर तक प्रयास करने एवं 5 लोगो द्वारा दीपेश को पकड़ कर एक-एक कर उगलियां स्कैन कराई गईं। जिसमें कई प्रयासों के बाद दोनो हाथों की कुल 4 उंगलियों को स्कैन कर बायोमेट्रिक कैप्चर करने में सफलता मिली। दीपेश का आधार अपडेट पंजीयन होते ही उसके माता-पिता के चेहरे पर खुशी आ गई एवं उन्होंने कलेक्टर दीक्षित एवं अन्य अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।