मोरवन। समीपस्थ गांव बसेड़ी भाटी रावला बीड़ा क्षेत्र में एक किसान के खेत पर बने 70 फीट गहरे कुएं में एक तेंदुआ शनिवार को गिर गया। शनिवार शाम करीब पांच बजे खेत मालिक जब अपने खेत पर पहुंचा तो उसे कुएं के अंदर से किसी जानवर के गुर्राने की आवाज सुनाई दी। जब किसान ने कुएं में देखा तो एक तेंदुआ अंदर दिखाई दिया तो फौरन इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला घटनास्थल पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन अंधेरा होने के कारण इसमें असफल रहे। फिर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन से सुबह रेस्क्यू कर बाहर निकालने का फैसला लिया गया। सुबह होते ही वन विभाग का अमला रेस्क्यू में लग गया और सुबह लगभग 9 बजे सफलतापूर्वक पिंजरे का उपयोग कर तेंदुए को बाहर निकाला गया। साथ ही पशु स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा तेंदुए का स्वास्थ्य प्रशिक्षण कराया गया जिसमे वह स्वस्थ होना पाया गया। इसके बाद तेंदुए को गांधी सागर के जंगल में छोड़ा गया।
वन विभाग के बिट प्रभारी अशोक बैरागी ने बताया कि अक्सर देखने को मिलता है की गर्मी में जंगली जानवर शिकार की तलाश में गहरी खाई, कुएं में गिर जाते हैं। ऐसा ही वाकया बसेड़ी भाटी के यहां देखने को मिला। सूचना मिलते ही वन अमला रेस्क्यू में लग गया। सुबह सफलतापूर्वक तेंदुए को कुएं से बाहर निकालकर स्वास्थ्य प्रशिक्षण कर गांधी सागर जंगल में छोड़ा गया। साथ ही तेंदुए ने यहां पर अपना स्थाई निवास भी बना रखा था जिस कारण से लोगों में दहशत का माहौल था अब लोगों में दहशत खत्म हो गई है।