चित्तौड़गढ़। बाल अधिकारों के संरक्षण हेतु जिले में कार्यरत संस्थान सेव द चिल्ड्रन एवं बाल कल्याण समिति तथा समग्र शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में बाल श्रम रोकथाम हेतु विचार गोष्ठी एवं नियोजन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित पेंसिल पोर्टल पर जागरूकता संबंधी पोस्टर का विमोचन जिला स्तर पर समग्र शिक्षा कार्यालय में किया गया।
इस अवसर पर ए डीपीसी प्रमोद दशोरा, कार्यक्रम अधिकारी आलोक सिंह, एपीसी लीला चतुर्वेदी, योगेश बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रियंका पालीवाल सीमा भारती सदस्य, सेव द चिल्ड्रन जिला समन्वयक राजीव शर्मा एवं सेव द चिल्ड्रन से पूरी टीम उपस्थित थी। इसी क्रम में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण पोर्टल पेंसिल को लांच किए हुए काफी समय व्यतीत हो चुका है किंतु आमजन को इस संबंध में जानकारी नहीं है। अतः व्यापक जागरूकता हेतु सेव द चिल्ड्रन चित्तौड़गढ़ के प्रतिनिधि द्वारा पोस्टर विमोचन संबंधी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सेव द चिल्ड्रन के सहायक प्रबंधक हिमांशु शुक्ला ने बताया कि संस्था द्वारा बाल अधिकारों को सुनिश्चित करने के क्रम में राज्य में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम तथा परियोजनाएं संचालित की जा रही है जिसके तहत विभिन्न प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं बाल संरक्षण से संबंधित संरचनाओं को सुदृढ़ करने तथा बाल संरक्षण से संबंधित सेवा प्रदाताओं का क्षमता वर्धन भी आयोजित किया जा रहा है सरकार द्वारा पेंसिल पोर्टल के संबंध में आमजन में जानकारी का अभाव है। इस पोर्टल से संबंधित आमजन को जागरूक करने संबंधित आगामी दिवसों में स्कूलों एवं समुदाय में तथा विभिन्न प्लेटफार्म पर इस विषय पर जागरूकता कार्यक्रम संस्था द्वारा आयोजित किए जाएंगे।
एडीपीसी समग्र शिक्षा प्रमोद दशोरा ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा संचालित पेंसिल पोर्टल बाल श्रम संबंधी जागरूकता में अहम भूमिका निभाएगा साथ ही मजबूत रिपोर्टिंग व समय पर ट्रैकिंग में भी सहायता करेगा शिक्षा विभाग भी इस विषय पर आवश्यक सहयोग करेगा।