मंदसौर। शहर के नेहरू बस स्टैण्ड पर खड़ी यात्री बस में रविवार रात अचानक आग लग गई। जिससे पूरी बस जलकर राख हो गई। हादसे के वक्त बस कंडक्टर अंदर ही सो रहा था। धुंआ निकलता देख उसने किसी तरह अपनी जान बचाई।
शहर कोतवाली टीआई अमित सोनी ने बताया कि रविवार रात करीब ढाई बजे नेहरू बस स्टैण्ड पर खड़ी यात्री बस क्रमांक एमपी 14 एलबी 0621 श्री राम बस सर्विस नाम की यात्री बस में अचानक आग लग गई थी। बस के अंदर कंडक्टर विक्रम सिंह पिता निर्भय सिंह राजपूत निवासी रुणीजा सो रहा था। रात के ढाई बजे बस के इंजिन में अचानक आग की लपट निकलने लगीं। इसके बाद किसी तरह उसने अपनी जान बचाई।
यात्री बस स्टैण्ड पर लगी बस में आग की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही की समय रहते आग पर काबू लिया गया नहीं बड़ा हादसा हो जाता। हादसे के वक्त बस के आसपास और भी कई यात्री बसे खड़ी थीं।