इन्दौर। कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय एवं संभागीय परिवहन सुरक्षा स्क्वाड इंदौर द्वारा स्कूली वाहनों के लिये विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें वाहनों का परमिट, फ़िटनेश, बीमा, पीयूसी, कर प्रमाण सहित वाहन का सामान्य रखरखाव आदि की जांच की गई। बच्चों और पालको से वाहन की तेज गति, चालक, परिचालक के व्यवहार के संबंध में फीडबैक लिया गया। 80 से अधिक वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान स्कूल में पंजीकृत एक मैजिक वाहन बिना परमिट, बिना फ़िटनेस के संचालित होता पाया गया, जिसे जब्त किया गया। दो लोक परिवहन वाहन परमिट शर्तों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर कार्यवाही की गई। अन्य वाहनों पर भी मोटरयान अधिनियम और मध्यप्रदेश कराधान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही कर 48 हजार 600 रूपये जुर्माना वसूला गया।