नीमच। सकल ब्राह्मण समाज नीमच एवं सहज योग ध्यान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आत्म शांति और तनाव से मुक्ति के लिए रविवार 25 जून को सुबह 8बजे एलआईसी चौराहा स्थित श्री परशुराम मंदिर शिक्षक कॉलोनी नीमच पर कुंडलिनी जागरण एवं आत्म साक्षात्कार की आसान पद्धति सहज योग-ध्यान शिविर आयोजित किया गया। जिसमें सुदर्शन शुक्ला ने कहा कि विचारों को रोकना ध्यान की प्रारंभिक अवस्था है। यदि हम प्रतिदिन सहज योग ध्यान करें तो हमें क्रोध नहीं आएगा और जीवन में परिवर्तन आ सकता है। सहज योग से हमारा जीवन आनंदमय हो सकता है।10 मिनट का योग हमारे दिनचर्या को व्यवस्थित कर सकता है। ध्यान में परमात्मा से हम प्रार्थना करें तो हमें आशीर्वाद भी मिलता है। परशुरामजी ने ही हमें ध्यान विधि सिखाई थी। केंद्र समन्वयक नीतू जोशी ने कहा कि सहज योग ध्यान हमें परम शक्ति और शांति का अनुभव कराता है। सत्य के मार्ग पर चलकर आगे बढ़ना सिखाता है। इस अवसर पर शैलेश जोशी ने कहा कि हम क्या थे क्या से क्या हो गए समृद्ध सनातन परंपरा पूरे विश्व को मार्गदर्शन प्रदान करती है। विश्व को सिखाने वाले आज हम कहां हैं।सहज योग परमात्मा से जुड़ने का सरल उपाय है जिससे मन पवित्र होता है ।दो सौ वर्ष पूर्व लार्ड मैकाले ने सर्वे कराया था जिसमें परिणाम यह आया था कि गुरुकुल शिक्षा प्रणाली के कारण भारत में 97 प्रतिशत लोग साक्षर थे ।सहज योग कम समय में अधिक ज्ञान प्रदान करता है ।इस प्रणाली को शिक्षा पद्धति में लागू करने के लिए सभी को मिलकर समन्वय के साथ प्रयास करना चाहिए बच्चों को बचपन से ही सहज ध्यान योग का प्रशिक्षण प्रदान करना चाहिए।योग दिवस के परिपेक्ष्य में एक दिवसीय सहज योग ध्यान का शिविर आयोजित किया गया जिसमें ध्यान के माध्यम से उपस्थित सभी को कुण्डलिनी जागरण के द्वारा आत्म साक्षात्कार की अनुभूति का अभ्यास करवाया गया। उपस्थित लोगो ने मात्र 15 मिनिट के ध्यान में निर्विचारिता , अद्भुत शांति व आनंद को महसूस किया। ध्यान के महत्व को बताते हुए ध्यान से शैक्षणिक जीवन में होने वाले फायदे पर प्रकाश डाला व स्वयं के जीवन में ध्यान से होने वाले लाभ को भी बताया। सहज योग ध्यान केन्द्र नीमच की केन्द्र समन्वयिका नितू जोशी द्वारा सहज योग ध्यान का अभ्यास करवाया गया। इस अवसर पर सहज योग केन्द्र के कैलाश बोरिवाल , निश्चल जोशी, राजेश गुप्ता , दीपक , मयुर पंथी आदि उपस्थित रहे।
प्रियंका नागदा, सह संयोजिका निकिता शर्मा , विद्या त्रिवेदी ने बताया कि निःशुल्क शिविर में ब्राह्मण समाज के सभी आयु वर्ग के लोग सहभागी बनें। कार्यक्रम का आभार सीमा बहन ने व्यक्त किया।