चित्तौड़गढ़। सिखों के पंचम गुरु एवं शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी के महान शहीदी दिवस को समर्पित एक माह से संचालित विशेष गुरमत ज्ञान कैंप का समापन 18 जून 2026 को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा संस्थान, प्रताप नगर, चित्तौड़गढ़ में किया जाएगा।
संस्थान द्वारा 18 मई से प्रारंभ किए गए इस कैंप के समापन अवसर पर बच्चों द्वारा विशेष कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। कार्यक्रम में बच्चे गुरमत विचार प्रस्तुत करेंगे तथा गुरु इतिहास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा करेंगे।
कैंप के दौरान आयोजित दस्तार-दुमाला सजाओ, गुरमत ज्ञान एवं अन्य विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
संस्थान के प्रधान सरदार हरमीत सिंह एवं समाजसेवी सरदार जोगिंदर सिंह होरा ने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गुरबाणी, गुरमुखी, सिख इतिहास एवं सिखी संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने समस्त साध-संगत से समापन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
कैंप में ज्ञानी गुरविंदर सिंह जी द्वारा कीर्तन की शिक्षा प्रदान की गई, जबकि भाई मनिंदर सिंह एवं गुरलीन कौर ने बच्चों को गुरमत एवं गुरमुखी की शिक्षा दी। इसके अलावा सरदार कवलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, संजोली छाबड़ा एवं नीना कौर मूछाल ने भी विभिन्न गतिविधियों में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं।
गुरु घर की समस्त साध-संगत के सहयोग से यह एक माह का गुरमत ज्ञान कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह जानकारी संस्थान के प्रधान सरदार हरमीत सिंह एवं समाजसेवी सरदार जोगिंदर सिंह होरा ने दी।