नीमच। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव के अमर प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती पर बुधवार को नीमच शहर श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया। ग्वालटोली स्थित स्पेंटा पेट्रोल पंप के सामने स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ जयंती समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उनके साथ राजपूत समाज के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं अन्य नागरिकों ने भी माल्यार्पण कर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया।
अपने संबोधन में विधायक परिहार ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति के जीवंत प्रतीक हैं। उनका संघर्ष और जीवन दर्शन आज भी देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समारोह के दौरान महाराणा प्रताप अमर रहें और भारत माता की जय के जयघोषों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के जीवन और संघर्षों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
जयंती समारोह के तहत बुधवार शाम विशाल वाहन रैली एवं भव्य चल समारोह भी निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन और नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।